देहरादून । शहर कोतवाली के पंत रोड पर सिख दुकानदार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत करीब बीस अज्ञात युवकों पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दुकानदार ने तहरीर में चेन व गल्ले से पैसे लूट ले जाने और सिर पर बंधी पगड़ी को जमीन पर गिराकर कुचलने का भी आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपितों की तलाश कर रही है।

पंत रोड पर सुरेंद्र सुखीजा की बैग की दुकान है। सोमवार की देर रात सुरेंद्र अपने बेटे के साथ दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। तभी पड़ोस की दुकान पर आया युवक दुकान पर आ धमका और सुरेंद्र के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। पहले तो वह कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन तभी उसके साथ के कई और युवक वहां आ गए। आरोप है कि उन सभी ने सुरेंद्र को जमकर मारा। आसपास के व्यक्तियों ने बीचबचाव कर सुरेंद्र को उनके चंगुल से छुड़वाया और अस्पताल ले गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक वहां से भाग चुके थे। उधर, सुरेंद्र और उनके पक्ष के लोग चौकी पहुंच गए। यहां उनकी ओर से दी गई तहरीर में और भी कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सुरेंद्र सिंह का आरोप है कि अमित सूर्यवशी ने अपने पंद्रह-बीस साथियों को साथ मुझ पर और मेरे बेटे परमजीत सिंह पर हमला किया। गले से चेन व कपडे फाड़कर पैसे भी छीन लिए। इतना ही नहीं, हमारे केश और पगड़ियों को भी जमीन पर पैर से कुचला है।




