Uttarakhand

अगले दो दिन मैदानी जिलों में पड़ेगी भीषण गर्मी, इन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है चढ़ता पारा

देहरादून : पहाड़ से लेकर मैदान तक भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले दो दिन उत्‍तराखंड के मैदानी जिलों में रहने वाले लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में तापमान में उछाल आ सकता है। वहीं लू के थपेड़े लोगों को बेहाल और बीमार कर सकते हैं।देहरादून, हरिद्वार समेत अन्य मैदानी स्थानों पर अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ज्यादातर स्थानों पर तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं।

हालांकि, मैदानों में मौसम शुष्क रहेगा और लू परेशान करेगी। समूचा प्रदेश भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहा है। अप्रैल में अब तक तापमान बीते 13 वर्ष का रिकार्ड तोड़ चुका है और आल टाइम रिकार्ड की बराबरी को अग्रसर है।मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज के साथ बौछार और ओलावृष्टि होने की आशंका है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के साथ ही झोंकेदार गर्म हवाएं चल सकती हैं।

प्रमुख नगरों का तापमान

नगर- अधिकतम- न्यूनतम

देहरादून- 38.8- 20.3

पंतनगर- 38.9- 17.9

रुड़की- 38.8- 19.7

हरिद्वार- 38.6- 19.4

मुक्तेश्वर- 29.0- 14.6

नई टिहरी- 28.0- 16.8

मसूरी- 28.3- 14.6

नैनीताल- 27.9- 14.4

(तापमान डिग्री सेल्सियस में है)

वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है और राजस्थान, मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में और अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में लू का प्रकोप बना रहेगा।
उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की आशंका है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच सकता है।

इन लोगों को परेशान कर सकती है गर्मी

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि लू प्रभावित क्षेत्रों में बच्‍चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए परेशानी पैदा कर सकती है। बढ़ता तापमान उन्‍हें बीमार कर सकता है।गर्मी से बचने के लिए करें ये उपाय

-गर्मी से बचने के लिए हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें

-टोपी, छतरी आदि से सिर का बचाव करें

-लंबे समय तक धूप के संपर्क में न रहें

कब की जाती है भीषण लू की घोषणा

मौसम की चेतावनी के लिए विभाग चार रंग की मदद से अलर्ट जारी करता है, जिसमें हरा, पीला, नारंगी और लाल शामिल है। हरे रंग का मतलब कोई कार्रवाई जरूरी नहीं, पीले रंग का मतलब नजर बनाएं रखें, नारंगी रंग का मतलब तैयार रहें और लाल रंग का मतलब कार्रवाई करें होता है।जब कोई क्षेत्र अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज करता है तो पूर्ण रिकॉर्ड किए गए तापमान के आधार पर लू की घोषणा की जाती है। और अगर तापमान 47 डिग्री पार हो जाता है तो भीषण लू की घोषणा की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *