Uttarakhand

उत्‍तरकाशी में गंगोत्री हाईवे मलबा और पेड़ गिरने से अवरुद्ध

देहरादून। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भटवाड़ी के पास मलबा एवं पेड़ गिरने के कारण अवरुद्ध हुआ है। उक्त मार्ग को तत्काल सुचारु करने के लिए बीआरओ की टीम मौके पर पहुंच गई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु है।  वहीं, चमोली में बदरीनाथ हाईवे लामबगड़, पिनोला और गोविन्द घाट में बंद है। कर्णप्रयाग ग्वालदम हाईवे हरमनी के पास भू-स्खलन से बाधित है।

उत्तराखंड में बारिश से राहत, भूस्खलन से मुसीबत बरकरार

उत्तराखंड में शुक्रवार को बारिश सेकुछ राहत मिली। इस बीच सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और लोक निर्माण विभाग की टीम सड़कों से मलबा हटाने में जुटीं रहीं। यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है। धाम के पास गुरुवार को सड़क का 25 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया था। हालांकि चमोली में बदरीनाथ और रुद्रप्रयाग में केदारनाथ हाईवे अब भी बंद है। इस कारण लगातार तीसरे दिन यात्री केदारनाथ के लिए रवाना नहीं हो पाए। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश से राहत रहेगी।

प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते गुरुवार को 176 सड़कें बंद हो गर्ईं थीं। शुक्रवार को इनमें से 36 सड़कों पर मलबा हटाकर आवाजाही शुरू कर दी गई, हालांकि देर रात हुई बारिश के बीच भूस्खलन से कुछ और सड़कें बंद हो गईं। अब भी 167 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें से सर्वाधिक 125 गढ़वाल मंडल में हैं। रुद्रप्रयाग जिले में गौरीकुंड के पास हो रहे भूस्खलन के कारण प्रशासन ने तीसरे दिन भी यात्रियों को सोनप्रयाग में रोके रखा। यहां 100 यात्री मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

यात्रा मजिस्ट्रेट एमएल अंजवाल ने बताया कि पैदल मार्ग पर भी कुछ स्थानों पर पहाड़ों से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थिति सामान्य होने पर ही श्रद्धालुओं को रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाईवे दुरुस्त होने में एक या दो दिन लग सकते हैं। इसके अलावा टिहरी जिले की नैलचामी पट्टी में बरसाती नदी पार करने के प्रयास में एक अधेड़ की मौत हो गई। दूसरी ओर हरिद्वार जिले के लक्सर में एक मकान क्षतिग्रस्त होने से तीन बच्चे घायल हो गए।

कुमाऊं के पिथौरागढ़ में चीन सीमा को जोडऩे वाले मार्ग अब तक नहीं खुल पाए हैं। पहाड़ों से दरकने से हाईवे खोलने में मुश्किलें आ रही हैं। जिले में 23 संपर्क मार्ग बंद हैं। बागेश्वर जिले में दस और नैनीताल जिले में बारिश से आधा दर्जन ग्रामीण मार्गों पर यातायात बाधित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *