देहरादून । झाझरा स्थित सिटी फॉरेस्ट आनंद वन शनिवार से आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस आनंद वन में विभिन्न प्रकार की रोमांचक गतिविधयां कराई जाएंगीं। जिसके लिए वन विभाग ने दाम भी तय कर दिए हैं। हालांकि, पहले दिन यहां प्रवेश से लेकर तमाम गतिविधयां निश्शुल्क रहेंगीं। राज्यपाल बेबीरानी मौर्य भी पहले दिन यहां भ्रमण करने पहुंचेंगीं।
आनंद वन देहरादून शहर से 13 किमी के फासले पर झाझरा में करीब 50 हेक्टेयर वन क्षेत्र में फैला है। यहां फैमिली पिकनिक के साथ ही प्रकृति और रोमांच प्रेमियों के लिए बहुत कुछ है। वन विभाग के प्रमुख मुख्य वन संरक्षक जयराज की पत्नी साधना जयराज ने बतौर समाज सेवी इस परिकल्पना को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुरुवार को राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में पीसीसीएफ जयराज और उनकी पत्नी साधना जयराज ने पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। जिसमें आनंद वन और यहां मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर से आमजन के लिए आनंद वन खोला जा रहा है। इसका शुल्क बेहद सामान्य रखा गया है। हालांकि पहले दिन यहां प्रवेश समेत सभी गतिविधयां निश्शुल्क की जा सकेंगी। प्रभागीय वनाधिकारी राजीव धीमान ने वन विभाग की ओर से निर्धारित किए गए टैरिफ की जानकारी दी।
साथ ही यहीं की जा सकने वाली गतिविधयों से भी अवगत कराया। बताया कि यहांबर्डिंग पैराडाइज में उत्तराखंड में पाई जाने वाली परिंदों की प्रजातियों के बारे में बताया गया है तो बांस के जंगल से गुजरते वक्त पक्षियों के सुमधुर कोलाहल के बीच चहलकदमी करना अपने आप में आनंदित करता है। यहां शाकाहारी वन्यजीवों के सजीव दिखने वाले मॉडल हैं तो जंगल रोडस में मांसाहारी जीवों के। यहां बटरफ्लाई गार्डन है तो आनंदी बुग्याल भी आकर्षण के केंद्र हैं। बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां भी शामिल की गई हैं। पेड़ों पर तीन हट भी बनाई गई हैं। इनमें एक को केदार कुटीर और दूसरे को बदरी कुटीर नाम दिए गए हैं। इनमें केदारनाथ व बदरीनाथ धामों के बारे में बताया गया है। वसुधारा वाटर फॉल भी यहां तैयार किया गया है। आनंद वन का समय सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढे चार बजे तक निर्धारित किया गया है।
यह तय किए गए हैं शुल्क
प्रवेश टिकट:
- 10 वर्ष से कम आयु वाले निश्शुल्क।
- 10 से 15 वर्ष के बच्चों का 20 रुपये।
- वयस्कों के लिए 50 रुपये।
पार्किंग:
- दुपहिया वाहन 20 रुपये।
- चौपहिया वाहन 50 रुपये।
- बस के लिए 200 रुपये। रोमांचक गतिविधियां:
- जिप लाइन 50 रुपये।
- कमांडो नेट 50 रुपये।
- बर्मा ब्रिज 40 रुपये।
- टायर नेट 20 रुपये।
- बैंबू लैडर 20 रुपये।
- ट्री हट 50 रुपये।
- कॉम्बो पैक 150 रुपये।
फोटोग्राफी शुल्क:
मोबाइल से फोटो निश्शुल्क ली जा सकती हैं। जबकि डिजिटल कैमेरे से फोटो खींचने के लिए 50 से 200 तक शुल्क निर्धारित है।



