नई दिल्ली। देश में 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने की तैयारी जोरशोर से चल रही है। लेकिन इस बार कोरोना वायरस से फैली महामारी कोविड-19 के चलते सब कुछ हमेशा की तरह भव्य नहीं रहेगा। वहीं इस बार पहले से भी ज्यादा विशेष तैयारियां की गई हैं। कोविड-19 के मद्देनजर रक्षा मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस पर खास तैयारी की है। इस बार लाल किले पर होने वाले समारोह में अधिकारियों, राजनायिकों, आम लोगों और मीडिया को मिलाकर 4,000 निमंत्रण पत्र जारी किए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में वही आ सकेंगे जिनके पास निमंत्रण पत्र होंगें। कोविड को लेकर हर इन्विटेशन कार्ड के साथ स्पेशल एडवाइजरी जारी किया गया है।
लाल किले को अंदर बाहर लगातार सैनिटाइज़ किया जा रहा है। हर एंट्री पॉइंट के लिए खास व्यवस्था की गई है। हर एंट्री पॉइंट पर थर्मल स्क्रीनिंग होगी। मेटल डिटेक्टर के साथ अतिरिक्त डोर फ्रेम लगाया गया है। सबका मूवमेंट सुचारू रूप से चलता रहे और ज्यादा भीड़भाड़ न हो इसके लिए पैदल-पथ पर वुडेन फ्लोरिंग और कारपेट लगाया गया है।