Uttarakhand

मैदानों में तेजी से गिरता पारा बढ़ा सकता है दुश्वारियां

देहरादून । उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। ज्यादातर इलाकों में बादलों का डेरा है। दून में भी सुबह से ही धूप और बादलों की आंख मिचौनी चल रही है। साथ ही हल्की हवाओं से मौसम और सर्द होने लगा है। देहरादून में दिन के समय ही ठिठुरन महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक दून समेत आसपास के इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले तीन दिन में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस घट गया है। आने वाले दिनों में इसमें और गिरावट आ सकती है। वहीं, पहाड़ों पर भी बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। दून में दोपहर बाद करीब दो बजे ही तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। शहर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

उत्तराखंड में पिछले कुछ दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दीपावली के बाद से ही प्रदेशभर में तापमान गिर रहा है। जबकि, चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं। इस बार अक्टूबर से ही हल्की बर्फबारी का सिलसिला जारी है। वहीं, मैदानी इलाकों में कोहरे का प्रभाव भी बढऩे लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। जबकि, मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। साथ ही दोपहर के समय हल्की हवाएं भी चल सकती हैं। इससे अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।