Uttarakhand

उत्‍तराखंड में रबी सीजन में सूखे की सामने आएगी तस्वीर

देहरादून। मौसम की बेरुखी के कारण रबी सीजन में गेहूं समेत अन्य फसलों पर पड़े असर के मद्देनजर सरकार ने राज्य में सूखे की स्थिति का आकलन कराने का निर्णय लिया है। इस सिलसिले में राजस्व विभाग को जल्द सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के प्रवक्ता और कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद इसके आधार पर प्रभावित किसानों को तय मानकों के अनुसार क्षतिपूर्ति दी जाएगी।

राज्य में अक्टूबर महीने से अब तक सामान्य से भी कम बारिश होने के कारण इसका असर रबी सीजन में गेहूं समेत अन्य फसलों पर पड़ा है। विशेषकर पर्वतीय में स्थिति अधिक खराब बताई जा रही है। इससे किसानों के माथे पर बल पड़े हुए हैं। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल के अनुसार विभिन्न स्रोतों से ये सूचनाएं मिल रही हैं कि बारिश न होने के कारण किसानों को सूखे की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इस सबको देखते हुए राजस्व विभाग से सूखे की स्थिति के आकलन के मद्देनजर सर्वे कराने का निर्णय लिया गया है। राजस्व विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द सर्वे कराकर इसकी रिपोर्ट शासन को सौंपना सुनिश्चित करे।
प्रदेश में बारिश की स्थिति

माह, कम/ज्यादा (फीसद में)

मार्च माह, (-76)

फरवरी माह, (-32)

जनवरी माह, (-28)

दिसंबर माह, (-55)

नवंबर माह, 34

अक्टूबर माह, (-99)