Uttarakhand

तेजस्वी के साथ श्रीनगर दौरे पर रहे सीएम धामी, भाजयुमो की बाइक रैली में लिया हिस्सा; जानिए क्या बोले

श्रीनगर गढ़वाल(पौड़ी गढ़वाल)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushakr Singh Dhami) और भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या (Tejasvi Surya) श्रीनगर गढ़वाल के दौरे पर है। उन्होंने यहां हेलीपैड पर पहुंच बाइक रैली (Bike Rally) में हिस्सा लिया। रैली का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद रामलीला मैदान में सभा को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्य्क्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि भाजपा परिवार वालों की नहीं, बल्कि कार्यकर्त्ताओं की पार्टी है। इसलिए भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भी है। उत्तराखंड के संदर्भ में तेजस्वी ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और पूर्व केंद्रीय परिवहन मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी (Bhuwan Chandra Khanduri) का भी उल्लेख किया। 

रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैली में उमड़े युवाओं के जन सैलाब को देखते हुए कहा कि युवाओं का ये जोश और उत्साह प्रदेश में नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी सबसे ज्यादा भरोसा युवा शक्ति पर ही है। बिना नाम लिए कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचारियों को जनता सबक सिखाएगी।

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Elections 2022) होने में बस कुछ ही वक्त बचा है। राजनीतिक दलों ने भी जोर आजमाइश भी तेज कर दी है। भाजपा के दिग्गज भी देवभूमि का दौरा कर यहां की जनता को साधने में जुटे हुए हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा भी पूरी तरह से तैयारियों में जुटी हुई है। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने भी उत्तराखंड पहुंच रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया। वे दो दिनी दौरे पर यहां पहुंचे।

दौरे के पहले दिन तेजस्वी ने न सिर्फ मोर्चा के जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री, सभी मंडलों के अध्यक्ष और इंटरनेट मीडिया प्रभारियों की बैठक ली, बल्कि कार्यकर्त्ताओं से चुनाव में जुटने का भी आह्वान किया। तेजस्वी सूर्या ने कहा कि यहां अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा एक बार फिर से प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा अबकी बार 60 पार का नारा साकार कर प्रदेश में युवा सरकार बनानी है। इसके लिए सभी को जी जान से जुटना होगा।